Haldwani: हल्द्वानी के सिंथिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल के लिए आज का दिन बेहद गौरवपूर्ण रहा, जब स्कूल के तीन एनसीसी कैडेट्स ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 6 गोल्ड मेडल जीतकर स्कूल और प्रदेश का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में स्कूल परिसर में भव्य स्वागत समारोह आयोजित कर विजेता छात्रों का सम्मान किया गया।
श्रीलंका के कोलंबो में 10 से 12 अप्रैल के बीच आयोजित दक्षिण एशिया जू-जित्सू चैम्पियनशिप में 7 देशों के 400 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। भारत से 68 खिलाड़ियों की टीम शामिल हुई, जिसमें उत्तराखंड से गए 7 खिलाड़ियों में से 3 खिलाड़ी सिंथिया स्कूल के रहे। इन तीनों छात्रों ने कुल 6 गोल्ड मेडल जीतकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया।
सीनियर विंग की कैडेट रिधिमा नेगी ने वयस्क 45 किलोग्राम भार वर्ग की नेवाजा और फाइटिंग श्रेणी में एक-एक गोल्ड मेडल हासिल किया। वहीं जूनियर डिवीजन के कैडेट नमन मेहरा ने अंडर-18 के 60 किलोग्राम भार वर्ग में तथा अविघ्न नेगी ने अंडर-16 के 40 किलोग्राम भार वर्ग में नेवाजा और फाइटिंग दोनों श्रेणियों में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक-एक गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
स्कूल में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान तीनों खिलाड़ियों को 5101 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. प्रवीन्द्र कुमार रौतेला ने इसे स्कूल के लिए अत्यंत गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने छात्रों को अपनी प्रतिभा पहचानकर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का संचालन एनसीसी अधिकारी बीबी जोशी ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के अनेक शिक्षक और छात्र उपस्थित रहे तथा सभी ने विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

Chief Editor, Aaj Khabar
