॰ भाई को बचाने उतरा भाई, दोनों को बचाने गई मां, तीनों की मौत
Haldwani: नैनीताल जिले के गौलापार क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मानपुर गांव में बने पानी के टैंक के भीतर जहरीली गैस बनने से दम घुटने की आशंका है। हादसे में मां और उनके दो बेटों की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार मानपुर, गौलापार निवासी बिष्ट परिवार ने अपने घर के पास पानी का टैंक बनवाया था। मंगलवार शाम करीब सात बजे 38 वर्षीय धर्मेंद्र बिष्ट टैंक के भीतर शटरिंग हटाने के लिए उतरे। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उनके छोटे भाई 34 वर्षीय खुशाल सिंह बिष्ट उन्हें देखने के लिए टैंक में गए, लेकिन वह भी बाहर नहीं लौटे।
दोनों बेटों के बाहर नहीं आने पर उनकी 59 वर्षीय मां सरस्वती देवी उन्हें बचाने के लिए टैंक में उतर गईं। इसके बाद तीनों का कोई पता नहीं चला। परिजनों और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकालकर तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार तीनों को रात करीब 8:40 बजे अस्पताल लाया गया था, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक आशंका है कि टैंक के भीतर जहरीली गैस जमा होने से दम घुटने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही होगी।
सूचना मिलते ही चोरगलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बताया गया कि बिष्ट परिवार मूल रूप से नैनीताल जिले के ओखलकांडा क्षेत्र के कौंता गांव का रहने वाला था। धर्मेंद्र बिष्ट प्लंबर का कार्य करते थे, जबकि खुशाल सिंह बिष्ट एक निजी फैक्ट्री में नौकरी करते थे। दोनों अपनी मां के साथ मानपुर, गौलापार में रह रहे थे।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Chief Editor, Aaj Khabar
