Haldwani: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एफटीआई परिसर, हल्द्वानी में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेशवासियों से जनसहभागिता के साथ इस अभियान से जुड़ने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह अभियान गत वर्ष शुरू हुआ था और उत्तराखण्ड में इसका शुभारंभ इस वर्ष हरेला पर्व पर हुआ, जब पहले ही दिन रिकॉर्ड 8.13 लाख लोगों ने पौधारोपण किया।
उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण सरकार का संकल्प है और सावन मास में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माता के नाम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह अभियान देवभूमि में एक माह तक चलेगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने हाल ही में हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर में हुई दुर्घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए राज्य सरकार आवश्यक निर्णय ले चुकी है। सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की संख्या के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, जिनमें प्रवेश नियंत्रण, पार्किंग, ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा मानकों का सख्त पालन शामिल है।
मुख्यमंत्री ने शहरी क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जे हटाना सार्वजनिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा और विकास कार्यों की गति के लिए आवश्यक है।
इस अवसर पर विधायक बंशीधर भगत, दायित्वधारी दिनेश आर्य, दीपक मेहरा, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, डॉ. जोगेन्दर पाल सिंह रौतेला, मजहर नईम नवाब, हुकुम सिंह कुंवर, आयुक्त/सचिव दीपक रावत, आईजी रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी वंदना सिंह, एफटीआई निदेशक तेजस्विनी अरविंद पाटिल समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar



