Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: धामी सरकार की उपलब्धियों पर भाजपा मुख्य प्रवक्ता सुरेश जोशी की प्रेसवार्ता, विकास योजनाओं को बताया ‘उत्तराखंड का स्वर्णिम काल’

Haldwani: धामी सरकार की उपलब्धियों पर भाजपा मुख्य प्रवक्ता सुरेश जोशी की प्रेसवार्ता, विकास योजनाओं को बताया ‘उत्तराखंड का स्वर्णिम काल’
शेयर करे-

Haldwani: भाजपा उत्तराखण्ड के मुख्य प्रवक्ता सुरेश जोशी ने आज हल्द्वानी भाजपा संभाग कार्यालय में प्रेसवार्ता कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों, नीतिगत निर्णयों और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वय से उत्तराखण्ड तेजी से चौमुखी विकास की ओर बढ़ रहा है और राज्य के 25 वर्षों के इतिहास में यह समय ‘स्वर्णिम काल’ के रूप में दर्ज हो रहा है।

उन्होंने बताया कि जमरानी बांध परियोजना, ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल लाइन जैसी बहुप्रतीक्षित परियोजनाएँ अभूतपूर्व गति से आगे बढ़ रही हैं। हल्द्वानी रिंग रोड परियोजना भी शीघ्र धरातल पर उतरने जा रही है।

पर्यटन क्षेत्र में इस वर्ष विपरीत मौसम के बावजूद 51 लाख श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा में भाग लेकर नया रिकॉर्ड बनाया। मानसखण्ड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत कैचीधाम, जागेश्वर धाम, गोल्ज्यू सर्किट व अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों का आधारभूत विकास तीव्र गति से चल रहा है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में हल्द्वानी और अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज के साथ रुद्रपुर और पिथौरागढ़ में मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। शिक्षा में अटल उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पैटर्न पर अंग्रेज़ी माध्यम की पढ़ाई उपलब्ध कराई जा रही है।

सीमांत क्षेत्रों के लिए वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत 51 गाँवों में मूलभूत विकास कार्य चल रहे हैं। भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत सीमांत सड़कों को 9 मीटर तक चौड़ा किया जा रहा है।

धामी सरकार के प्रयासों से 4 वर्षों में 26 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियों में नियुक्ति दी गई। 3 लाख 56 हजार करोड़ के एमओयू पर हस्ताक्षर हुए, जिनमें से 1 लाख करोड़ के निवेश की ग्राउंडिंग हो चुकी है। स्वरोजगार हेतु वीर चंद्र गढ़वाली योजना, दीनदयाल उपाध्याय होम स्टे योजना, एपल मिशन, ट्राउट फार्मिंग और महिला समूहों द्वारा उत्कृष्ट कार्यों का उल्लेख किया गया।

खनन नीति के तहत राज्य सरकार को रिकॉर्ड राजस्व प्राप्त हो रहा है, जिस पर प्रभावित होकर केंद्र सरकार ने 200 करोड़ की विशेष प्रोत्साहन राशि भी दी है। पीएमजीएसवाई और एनएच के माध्यम से भूतल परिवहन में सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों को सड़क मार्ग से जोड़ा जा रहा है। उडान योजना ने पिथौरागढ़, धारचूला और मुनस्यारी को मिनटों में हल्द्वानी व देहरादून से जोड़ दिया है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत 200 से अधिक अधिकारी–कर्मचारी जेल भेजे जा चुके हैं। राज्य की डेमोग्राफी को बचाने के लिए लेण्ड जिहाद और फर्जी दस्तावेज़ों की बड़े पैमाने पर जांच अभियान जारी है।

श्री जोशी ने कहा कि ये सभी उपलब्धियाँ धामी सरकार की विकासशील, आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखंड के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। इसी का परिणाम है कि नीति आयोग के सतत् विकास लक्ष्य सूचकांक में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर रहा है।

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी प्रदीप जनौटी, जिला महामंत्री विनीत अग्रवाल सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *