Haldwani: राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में शुक्रवार को चिकित्सा शिक्षा विभाग के निदेशक डा. अजय आर्या ने स्वामी राम कैंसर संस्थान और टीबी चेस्ट विभाग का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागाध्यक्षों से उपलब्ध संसाधनों, उपचार सुविधाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी ली।
निरीक्षण में डा. आर्या ने कैंसर वार्ड, टीबी वार्ड और उपकरणों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए निर्माण एजेंसी को आईसीयू एवं ऑपरेशन थियेटर के निर्माण में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने विभागाध्यक्षों को निर्माण कार्यों की हर 15 दिन में मॉनीटरिंग करने को कहा।
डा. आर्या ने कहा कि हल्द्वानी का कैंसर संस्थान कुमाऊं ही नहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मरीजों के लिए भी वरदान साबित हो रहा है। शीघ्र ही स्पेशलिटी एवं सुपर स्पेशलिटी डॉक्टरों की कमी को पूरा किया जाएगा, जिससे मरीजों को और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ मिलेंगी।
निरीक्षण के दौरान प्राचार्य डॉ. जी.एस. तितियाल सहित वरिष्ठ चिकित्सक और अधिकारी मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
