Headlines

Dehradun: सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने सरकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार और मीडिया समन्वय को और सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

Dehradun: सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने सरकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार और मीडिया समन्वय को और सुदृढ़ करने के दिए निर्देश
शेयर करे-

Dehradun: सूचना निदेशालय में आयोजित बैठक में महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने जिला सूचना अधिकारियों को सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रभावी और पेशेवर संचार रणनीति अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार को सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी अधिकारी समन्वित और परिणाम आधारित कार्यशैली अपनाएँ।

महानिदेशक तिवारी ने अधिकारियों को मीडिया से बेहतर तालमेल बनाकर रखने और पत्रकारों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया के माध्यम से सरकारी कार्यक्रमों, उपलब्धियों और सक्सेस स्टोरीज़ को व्यापक स्तर पर प्रसारित किया जाए। विभागीय सोशल मीडिया पेजों पर प्रकाशित सामग्री पूर्णतः तथ्यात्मक, संतुलित और सकारात्मक होनी चाहिए तथा किसी भी अपुष्ट जानकारी से बचने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने जिला सूचना कार्यालयों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर सभी सरकारी कार्यक्रमों और जनहितकारी गतिविधियों की समयबद्ध कवरेज सुनिश्चित की जाए। आपदा समेत अन्य संवेदनशील घटनाओं की कवरेज के लिए एसओपी तैयार करने, प्रेस सेवा पोर्टल और फिल्म शूटिंग अनुमति के सिंगल विंडो सिस्टम को समयबद्ध तरीके से संचालित करने के भी निर्देश दिए गए।

महानिदेशक ने बताया कि संचार के बदलते दौर को ध्यान में रखते हुए विभाग को सशक्त बनाने की दिशा में ठोस प्रयास जारी हैं। विभागीय पुनर्गठन का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है तथा खाली पदों को भरने के लिए अधियाचन भेजा गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला सूचना कार्यालयों के कार्यों के लिए बजट की कमी नहीं होने दी जाएगी और कार्यालय भवन निर्माण हेतु भूमि तलाशने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, डॉ. नितिन उपाध्याय, वरिष्ठ वित्त अधिकारी श्रीमती शशि सिंह सहित विभागीय अधिकारी एवं जिला सूचना अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *