Haldwani: जिलेभर में “वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूर्ण होने पर शुक्रवार को देशभक्ति की गूंज सुनाई दी। हल्द्वानी, नैनीताल और भीमताल में विभिन्न स्थानों पर सामूहिक वंदे मातरम गायन कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मुख्य कार्यक्रम हल्द्वानी स्थित एम.बी. इंटर कॉलेज मैदान में हुआ, जहाँ पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में कुमाऊँ रेजीमेंट रानीखेत के सैन्य बैंड दल और खटीमा के प्रसिद्ध गायक शेरी सिंगर की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने माहौल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।
पूर्व मुख्यमंत्री कोश्यारी ने अपने संबोधन में कहा कि “वंदे मातरम” केवल गीत नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान का अमर सूत्र है, जिसने स्वतंत्रता संग्राम में भारतीयों को प्रेरित किया। उन्होंने 150 वर्ष पूरे होने को मातृभूमि के प्रति समर्पण और कर्तव्य स्मरण का अवसर बताया।
वंदे मातरम की रचना बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ने 1875 में की, जो उनकी कृति ‘आनंदमठ’ का हिस्सा है। 1937 में इसे राष्ट्रीय गीत का दर्जा दिया गया और 1950 में संविधान सभा ने इसे आधिकारिक रूप से स्वीकार किया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, नागरिक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
