Haldwani: एक ओर सरकार “हर घर नल, हर घर जल” का नारा दे रही है, वहीं शास्त्री फार्म कॉलोनी के निवासी भीषण पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। कॉलोनी में पिछले एक माह से पानी की एक बूंद तक नहीं आई है। इस गंभीर समस्या को लेकर उत्तराखण्ड जल संस्थान के सहायक अभियंता को कई बार मौखिक रूप से और हस्ताक्षरयुक्त शिकायती पत्र के माध्यम से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
निवासियों का कहना है कि शिकायतें फ़ाइलों में घूमती रहती हैं और जब तक अधिकारी की टेबल तक पहुंचती हैं, तब तक हालात और बिगड़ जाते हैं। इससे यह प्रतीत होता है कि जब तक जनता आंदोलन के लिए बाध्य न हो, तब तक समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जाता।
कॉलोनीवासियों के अनुसार, प्रारम्भ में यहां केवल 7 घर थे, लेकिन वर्तमान में 22 परिवार निवास कर रहे हैं। बढ़ती आबादी के चलते पुरानी और छोटी जल लाइन पर्याप्त पानी आपूर्ति नहीं कर पा रही है। पहले लाइन में कचरा फंसने की समस्या आई, जिसके बाद छोटी लाइन डाली गई, पर वह भी जरूरत के अनुरूप नहीं है।
इस मुद्दे पर चन्द्र दत्त पाठक, शेखर तिवारी, विनय महाजन, संगीता, पूजा भट्ट, प्रेमा जोशी, विनता बजेठा, प्रमोद पाण्डे सहित सभी निवासियों ने विभाग की निष्क्रियता पर नाराजगी जताई है। पत्र में चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र पुरानी लाइन की मरम्मत नहीं की गई या पर्याप्त क्षमता की नई जल लाइन नहीं बिछाई गई, तो वे स्थानीय विधायक और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों की होगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
