Headlines

Haldwani: महिला आरक्षण लागू करने को कांग्रेस का हल्ला बोल, हल्द्वानी में गोदियाल के नेतृत्व में धरना

Haldwani: महिला आरक्षण लागू करने को कांग्रेस का हल्ला बोल, हल्द्वानी में गोदियाल के नेतृत्व में धरना
शेयर करे-

Haldwani: उत्तराखंड में महिलाओं को 33% आरक्षण अविलंब लागू करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को हल्द्वानी के डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क, मंगलपड़ाव में जोरदार धरना प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने किया, जिसमें जिला और महानगर कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

धरने के दौरान प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की और केंद्र सरकार पर महिला आरक्षण कानून 2023 को लागू करने में जानबूझकर देरी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार परिसीमन जैसी प्रक्रियाओं में मुद्दे को उलझाकर महिलाओं को उनके अधिकार से वंचित कर रही है।

गोदियाल ने स्पष्ट मांग रखते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव वर्तमान 70 सीटों के आधार पर ही 33% महिला आरक्षण लागू कराए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार की नीयत साफ है तो इस दिशा में तत्काल ठोस निर्णय लिया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि ठोस नीतियों और उनके प्रभावी क्रियान्वयन से संभव है।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल और महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने संयुक्त रूप से कहा कि प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ता महिलाओं के अधिकारों के लिए सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महिलाओं के मुद्दों को गंभीरता से लेने के बजाय उन्हें राजनीतिक रूप से भटकाने का प्रयास कर रही है।

महिला जिलाध्यक्ष खष्टी बिष्ट ने कहा कि आज की महिला जागरूक है और अपने अधिकारों को लेकर सजग है, इसलिए अब महिला आरक्षण में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने मातृशक्ति से आंदोलन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

पूर्व सांसद महेंद्र पाल, पूर्व विधायक रंजीत रावत और संजीव आर्य सहित अन्य नेताओं ने भी भाजपा सरकार पर महिला मुद्दों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जल्द आरक्षण लागू करने की मांग दोहराई।

धरना स्थल पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही महिला आरक्षण लागू नहीं किया गया, तो कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।

धरना कार्यक्रम के बाद प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल बुद्ध पार्क पहुंचे और वहां आंगनबाड़ी महिलाओं के धरने को समर्थन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *