Headlines

Kaladhungi: घोड़ा लाइब्रेरी पच्छयाण महोत्सव में मुख्यमंत्री धामी का प्रेरक संदेश, 114 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों से कोटाबाग को नई दिशा

Kaladhungi: घोड़ा लाइब्रेरी पच्छयाण महोत्सव में मुख्यमंत्री धामी का प्रेरक संदेश, 114 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों से कोटाबाग को नई दिशा
शेयर करे-

Kaladhungi: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नैनीताल जिले के विधानसभा क्षेत्र कालाढूंगी अंतर्गत कोटाबाग में आयोजित दो दिवसीय घोड़ा लाइब्रेरी पहाड़ पच्छयाण महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए 114 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 12 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने महोत्सव का आयोजन कर रही घोड़ा लाइब्रेरी की टीम को बधाई देते हुए कहा कि दुर्गम और पर्वतीय क्षेत्रों में घोड़े के माध्यम से पुस्तकों को बच्चों तक पहुंचाने की यह पहल केवल पुस्तक वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बच्चों के सपनों को दिशा देने और उनके भविष्य को संवारने का सशक्त माध्यम बन रही है। उन्होंने कहा कि यह पहल ज्ञान, संस्कार और सेवा का जीवंत उदाहरण है, जो समाज के अंतिम छोर पर खड़े बच्चों तक शिक्षा का उजाला पहुंचा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पच्छयाण महोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी लोकसंस्कृति, पुस्तकों और प्रकृति से जोड़ने का जो प्रयास किया जा रहा है, वह अत्यंत सराहनीय है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित होती है और पुस्तक संस्कृति को मजबूती मिलती है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है। सड़कों, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास की रोशनी पहुंचाई जा रही है। साथ ही, पौराणिक मंदिरों के पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण के माध्यम से धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, विद्यालयों में आधुनिक सुविधाओं, स्मार्ट क्लासरूम, निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों और व्यावसायिक शिक्षा के माध्यम से बच्चों को व्यवहारिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, भारत भ्रमण और कौशल आधारित शिक्षा के अवसर देकर उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे पुस्तकों को केवल परीक्षा तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि पुस्तकें सच्ची मित्र और मार्गदर्शक होती हैं, जो व्यक्ति के चरित्र, सोच और भविष्य को नई दिशा देती हैं।

इस अवसर पर सांसद नैनीताल-उधम सिंह नगर अजय भट्ट, विधायक कालाढूंगी बंशीधर भगत सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे। मुख्यमंत्री ने मेले में लगाए गए विभिन्न विभागों और संस्थाओं के स्टालों का निरीक्षण किया तथा स्थानीय उत्पादों की सराहना की।

Kaladhungi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *