Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Nainital: नैनीताल में दर्दनाक हादसा, टैक्सी में जली अंगीठी से चालक की दम घुटने से मौत

Nainital: नैनीताल में दर्दनाक हादसा, टैक्सी में जली अंगीठी से चालक की दम घुटने से मौत
शेयर करे-

Nainital:  कड़ाके की ठंड से बचने के लिए टैक्सी के भीतर जलाई गई अंगीठी एक चालक के लिए जानलेवा साबित हो गई। नोएडा से पर्यटकों को लेकर नैनीताल पहुंचे टैक्सी चालक की अंगीठी से निकली जहरीली गैस के कारण दम घुटने से मौत हो गई। रविवार सुबह चालक वाहन के अंदर बेसुध हालत में मिला, जिसके मुंह से झाग निकल रहा था।

मृतक की पहचान मनीष गंधार निवासी सिरोहा यमुनापार, मथुरा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दे दी है और पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मनीष गंधार शनिवार को टैक्सी वाहन संख्या यूपी-16 जेटी-8565 से नोएडा से पर्यटकों को लेकर नैनीताल पहुंचा था। रात करीब नौ बजे उसने सूखाताल पार्किंग में वाहन खड़ा किया। अत्यधिक ठंड के कारण उसने टैक्सी के भीतर कोयले की अंगीठी जला ली और कंबल ओढ़कर सो गया।

रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे तक जब चालक वाहन से बाहर नहीं आया तो पार्किंग कर्मियों को संदेह हुआ। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाल हेम चंद्र पंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वाहन को हिलाने-डुलाने के बाद भी अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, जिस पर शीशा तोड़कर चालक को बाहर निकाला गया।

उसे तुरंत बीडी पांडे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला अंगीठी से निकली जहरीली गैस से दम घुटने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *