Khatima: जिले के खटीमा क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कूल बस ने सामने से आकर बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर नंबर सात, थाना नानकमत्ता क्षेत्र निवासी देवेंद्र सिंह (24) पुत्र उमेश सिंह, राजेश सिंह (26) पुत्र दर्शन सिंह और राजेश सिंह (34) पुत्र पंचम सिंह झनकट से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे प्रतापपुर नंबर नौ के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कूल बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल खटीमा उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
परिजनों ने बताया कि देवेंद्र सिंह और राजेश सिंह राजमिस्त्री का काम करते थे, जबकि राजेश सिंह (पुत्र दर्शन सिंह) उनके साथ लेबरी का कार्य करता था। तीनों युवक झनकट से घरेलू सामान लेकर लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस फरार बस चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
