Nainital: जिलाधिकारी वंदना ने गुरुवार को कैंची धाम परिक्षेत्र में मानसखंड परियोजना के अंतर्गत चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों और बायपास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवाली बायपास निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताई और अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए कि ठेकेदार पर पेनल्टी लगाते हुए 15 अक्टूबर तक कार्य पूर्ण कर बायपास को चालू किया जाए।
उन्होंने कैंची धाम बायपास हेतु चल रहे सड़क कटिंग कार्य का भी निरीक्षण किया। विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि 6 किमी कटिंग पूरी हो चुकी है जबकि 4 किमी कार्य अवशेष है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पुल का निर्माण पूर्ण होने तक इस बायपास को रातीघाट की पुरानी लिंक रोड से जोड़ दिया जाए ताकि इमरजेंसी वाहनों को जाम से बचाया जा सके।
जिलाधिकारी ने रातीघाट स्थित अस्थाई हेलीपैड का भी निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से समस्याएं जानीं। ग्रामीणों ने नदी से हो रहे भू-कटाव रोकने के लिए सुरक्षा दीवार और पेयजल लाइन सहित संपर्क मार्गों के पुनर्निर्माण की मांग रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने कैंची धाम पहुंचकर निर्माणाधीन पार्किंग, पैदल पुल, पाथवे, ध्यान केंद्र, सार्वजनिक शौचालय और मेडिकल हेल्प केंद्र का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar

