Rudrapur: एसरदार भगत सिंह राजकीय महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव नामांकन के दौरान बवाल मच गया। नामांकन के बाद समर्थकों की भीड़ महाविद्यालय के बाहर सड़क पर आ गई, जिससे रामपुर हाइवे पर यातायात बाधित हो गया। पुलिस के हटने के निर्देश के बावजूद छात्र गुट झा इंटर कॉलेज की ओर बढ़े और वहीं दोनों पक्षों में मारपीट और फायरिंग की घटना हो गई।
आरोप है कि जस्सी कचूरा और सतपाल लाहौरिया ने तमंचे से फायर कर माहौल को और अधिक तनावपूर्ण बना दिया। अचानक हुई घटना से अफरातफरी मच गई और हाइवे पर लगी भीड़ के कारण एंबुलेंस, स्कूल बस और रोडवेज बस सहित कई आवश्यक सेवाएं बाधित हो गईं।
एसएसआइ नवीन बुधानी की तहरीर पर पुलिस ने वार्ड-14 के भाजपा पार्षद जानी भाटिया समेत 15 बाहरी लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। आरोपितों में जस्सी कचूरा, सतपाल लाहौरिया, मनप्रीत उर्फ गोपी, अभय सक्सेना उर्फ चाइना, दानिश, गगन रतनपुरिया, चेतन मांगड़, अमृत चीमा, विक्रम, प्रिंस शर्मा, हेमंत उर्फ नोनू मिश्रा, रवि रावत, आकाश यादव और आशीष यादव शामिल हैं।
पुलिस ने फरार आरोपितों की तलाश में चार टीमें गठित कर दी हैं और संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मौके से भागते समय आरोपितों की दो महिंद्रा थार गाड़ियां पुलिस ने कब्जे में ले ली हैं। जल्द ही सभी आरोपितों की गिरफ्तारी का दावा पुलिस ने किया है।

Chief Editor, Aaj Khabar
