Nainital: उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नैनीताल जिले के अपने एक दिवसीय भ्रमण के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 126वाँ एपिसोड सुना। मुख्यमंत्री ने नैनीताल के बीरभट्टी स्थित पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार मैदान में यह कार्यक्रम सुना और इसे देश को नई सोच और सकारात्मक दिशा देने वाला बताया।
समाज को जोड़ने वाला कार्यक्रम
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी ने समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को जोड़ने और जनहित में काम कर रहे लोगों की लगन को जन-जन तक पहुँचाने का सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने बताया कि इस एपिसोड में प्रधानमंत्री ने नारी शक्ति का सम्मान करने और स्वदेशी को अपनाने का संकल्प लेने पर ज़ोर दिया।
खादी और स्वदेशी अपनाने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि प्रधानमंत्री ने 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर सभी देशवासियों से खादी और स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया है। प्रधानमंत्री ने लोगों से आग्रह किया कि वे 2 अक्टूबर को अनिवार्य रूप से कोई-न-कोई खादी उत्पाद खरीदें और सोशल मीडिया पर #VocalForLocal हैशटैग के साथ साझा करें। मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश के लोगों से भी इस मुहिम में सक्रियता से सहयोग देने का अनुरोध किया।
‘विकसित भारत’ के संकल्प
प्रधानमंत्री ने इस कार्यक्रम में नाविका सागर परिक्रमा पूरी कर नया इतिहास रचने वाली भारतीय बेटियों का मान बढ़ाया और लोकल उत्पादों के माध्यम से नवाचार को बढ़ावा देने की भी बात कही। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री ने जो संकल्प रखे हैं, उन्हें पूरा करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर श्री डोमेश्वर साहू, प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र, डॉ. नरेंद्र सिंह भंडारी, विधायक नैनीताल सरिता आर्या, विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दायित्वधारी डॉ अनिल डब्बू, शांति माहरा, आयुक्त कुमाऊँ दीपक रावत, आईजी कुमाऊँ रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकार वंदना सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
