Nainital: नैनीताल जिले के लालकुआं स्थित मदरसन कंपनी में चल रहा श्रमिकों और प्रबंधन के बीच का विवाद मंगलवार को आखिरकार समाप्त हो गया। जिला प्रशासन, श्रम विभाग और नैनीताल पुलिस की संयुक्त मध्यस्थता के बाद श्रमिकों ने अपना अनशन खत्म कर कार्य पर लौटने का निर्णय लिया।
कई दौर की वार्ताओं के बाद यह समाधान संभव हो पाया, जिसमें पुलिस प्रशासन, एसडीएम, श्रम विभाग के अधिकारी, कंपनी प्रबंधन और श्रमिक प्रतिनिधि शामिल रहे। श्रमिकों द्वारा उठाई गई 14 प्रमुख मांगों में से 12 मांगों को प्रबंधन ने तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया, जबकि शेष दो मांगों को शासन स्तर पर निपटाने का आश्वासन दिया गया है।
समझौते के बाद सभी श्रमिक काम पर लौट आए हैं और फैक्ट्री में कामकाज फिर से सुचारू रूप से शुरू होने जा रहा है। इस दौरान SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी ने श्रमिकों के धैर्य और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी और कानून-व्यवस्था को प्रभावित नहीं होने दिया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रमिकों की जायज मांगों के समाधान के लिए वह हमेशा उनके साथ खड़ा है। वहीं, श्रमिकों की आड़ में माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की गई है।
जांच में सामने आया कि कुछ बाहरी तत्व कंपनी परिसर में तोड़फोड़, आगजनी और हिंसा फैलाने की साजिश रच रहे थे। पुलिस ने इस मामले में 20-30 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इन पर पुलिस कार्य में बाधा डालने, बैरियर तोड़ने और मजदूरों को उकसाने के आरोप हैं।
नैनीताल पुलिस ने चेतावनी दी है कि औद्योगिक क्षेत्रों में अशांति फैलाने वाले तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा और आवश्यक होने पर गुंडा एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने दोहराया कि जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी को भी हिंसा या कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
