Headlines

Bhimtal: भीमताल में विकास कार्यों की समीक्षा, मंत्री कैड़ा ने पर्यटन, पेयजल और विकास कार्यों को समयबद्ध करने के दिए सख्त निर्देश

Bhimtal: भीमताल में विकास कार्यों की समीक्षा, मंत्री कैड़ा ने पर्यटन, पेयजल और विकास कार्यों को समयबद्ध करने के दिए सख्त निर्देश
शेयर करे-

Bhimtal: उत्तराखंड सरकार में शहरी विकास, जलागम प्रबंधन, जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण संरक्षण मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मंगलवार को भीमताल विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा बैठक की। इस दौरान जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में मंत्री ने कहा कि जनपद नैनीताल प्रदेश का अत्यंत महत्वपूर्ण वीवीआईपी जिला है, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखी जाएं ताकि आगंतुकों को बेहतर अनुभव मिल सके। उन्होंने पर्यटन सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने, जाम की समस्या से बचाव और गर्मियों में पेयजल संकट से निपटने के लिए समय रहते वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वन विभाग की समीक्षा में मंत्री ने मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने के लिए ठोस कदम उठाने और वनाग्नि की घटनाओं को रोकने हेतु 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने चीड़ के जंगलों से पीरूल एकत्र करने और इसमें महिला समूहों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

सिंचाई विभाग को झीलों के जलस्तर में सुधार के लिए स्थायी समाधान तलाशने तथा पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। वहीं वन और कृषि विभाग को बंदरों की समस्या के समाधान के लिए समन्वित कार्रवाई करने को कहा गया।

शिक्षा विभाग को सख्त निर्देश देते हुए मंत्री ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए और जनपद को शिक्षा के क्षेत्र में राज्य में अग्रणी बनाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएं। जर्जर विद्यालयों की मरम्मत और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षकों की तैनाती भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में सभी अस्पतालों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा भीमताल में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने हेतु पूर्व में की गई घोषणाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों में नियमित औचक निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया।

पर्यटन विभाग को निर्देशित करते हुए मंत्री ने कहा कि पर्यटन स्थलों का सौंदर्यीकरण, व्यू पॉइंट का विकास और साइनेज की व्यवस्था की जाए। साथ ही अवैध रूप से संचालित होम स्टे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जल संस्थान को गर्मियों में पेयजल संकट से बचाव के लिए पूरी तैयारी रखने, टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने और जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

रोजगार सृजन पर जोर देते हुए मंत्री ने सेवायोजन और उद्योग विभाग को युवाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पशुपालन विभाग को उन्नत नस्ल के पशु उपलब्ध कराने और भीमताल में गौशाला निर्माण शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया।

सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा में बरसात से पहले सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने और निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। पूर्ति विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने, केवाईसी कैंप आयोजित करने और मानसून से पूर्व खाद्यान्न वितरण पूरा करने को कहा गया।

मंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान करें और समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें।

Bhimtal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *