Headlines

Nainital: नैनीताल में 477 गांवों तक मोबाइल नेटवर्क विस्तार का बड़ा अभियान, 48 टावर चालू और 10 नए टावरों पर काम तेज

Nainital: नैनीताल में 477 गांवों तक मोबाइल नेटवर्क विस्तार का बड़ा अभियान, 48 टावर चालू और 10 नए टावरों पर काम तेज
शेयर करे-

Nainital: जनपद में संचार सुविधाओं को मजबूत करने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला टेलीकॉम कमेटी की बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) शैलेंद्र नेगी ने की।

बैठक में विभिन्न दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और जिले के दूरस्थ व शैडो/डार्क क्षेत्रों में मोबाइल कनेक्टिविटी बेहतर करने के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि बिजली बाधित होने की स्थिति में भी मोबाइल टावर 24 घंटे चालू रहें, इसके लिए पर्याप्त ईंधन और सोलर सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बैठक में जानकारी दी गई कि पहले चरण में स्वीकृत 48 स्थानों पर 4G टावर स्थापित कर दिए गए हैं और सभी सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं। वहीं दूसरे चरण में स्वीकृत 10 टावरों में से 5 के लिए भूमि मिल चुकी है, जबकि शेष 5 स्थानों—बेलवाखान, जिरौली, रेकुना, बारगल और प्यूडा—में भूमि चयन की प्रक्रिया जारी है।

प्रशासन ने संबंधित उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि बीएसएनएल अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर जल्द भूमि चयन कर सभी औपचारिकताएं पूरी करें। इसके साथ ही भारत नेट परियोजना के तहत ऑप्टिकल फाइबर बिछाने के कार्यों की भी समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने बताया कि भारत नेट योजना के तहत जिले के 477 गांवों को जोड़ने का लक्ष्य है, जिसमें से अब तक 288 गांवों में काम पूरा हो चुका है और बाकी कार्य तेजी से जारी है।

बैठक में जियो कंपनी द्वारा हल्द्वानी क्षेत्र में सड़क निर्माण के दौरान भूमिगत फाइबर बिछाने का मुद्दा उठाया गया, जिस पर लोक निर्माण विभाग और संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्य करने के निर्देश दिए गए।

वहीं एयरटेल ने भी जिले में दो नए मोबाइल टावर लगाने के लिए भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा, जिस पर प्रशासन ने जल्द संयुक्त निरीक्षण कर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में दूरसंचार, भारत नेट, लोक निर्माण, सिंचाई, विद्युत और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *