Headlines

Nainital: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना के लिए 1580 कार्मिक तैनात, विकास खंडवार टेबल आवंटन प्रक्रिया पूरी

Nainital: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना के लिए 1580 कार्मिक तैनात, विकास खंडवार टेबल आवंटन प्रक्रिया पूरी
शेयर करे-

Nainital: त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन की मतगणना हेतु नियुक्त 1580 मतगणना कार्मिकों का तृतीय रैण्डमाइजेशन बुधवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) वंदना की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। यह प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षकों विनीत तोमर, जय किशन, शिव चरण द्विवेदी और ब्रजमोहन सिंह रावत की उपस्थिति में जिलाधिकारी कार्यालय सभागार कक्ष में आयोजित की गई।

गुरुवार 31 जुलाई को जिले के सभी आठों विकास खंडों में पंचायत चुनाव की मतगणना दो पालियों में संपन्न होगी। मतगणना हेतु 316 सुपरवाइजर और 1264 सहायक सहित कुल 1580 कार्मिक तैनात किए गए हैं। एक टेबल पर चार सहायक और एक सुपरवाइजर की टीम कार्य करेगी। कार्मिकों को विकास खंडवार टेबल आवंटित कर दिए गए हैं। मतगणना सुबह 8 बजे शुरू होगी और उससे पूर्व प्रातः 6 बजे सभी को मतगणना हॉल में तृतीय प्रशिक्षण दिया जाएगा।

जिलाधिकारी वंदना ने सभी रिटर्निंग अधिकारियों को शांतिपूर्वक मतदान संपन्न कराने हेतु बधाई देते हुए निर्देश दिए कि मतगणना भी पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता से समय पर संपन्न की जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि मतगणना हॉल में सभी कार्मिक समय से पहुंचे, मोबाइल फोन हॉल के भीतर पूरी तरह वर्जित रहेंगे और उन्हें हॉल के बाहर जमा कराया जाएगा।

मतगणना के लिए कुल 129 टेबल लगाए गए हैं—हल्द्वानी में 28, रामनगर में 20, धारी, ओखलकांडा, भीमताल, कोटाबाग और बेतालघाट में 14-14, और रामगढ़ में 11 टेबल निर्धारित हैं। प्रत्येक स्थल पर पेयजल, चिकित्सा सुविधा और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। मतगणना के दौरान सात विकास खंडों में उप जिला अधिकारी तथा धारी में सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी को तैनात किया गया है।

इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनामिका, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी जीपी जायसवाल, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी राजेश तिवारी तथा सभी रिटर्निंग अधिकारी उपस्थित रहे।

For latest news updates click here

For English news updates click here   

Pal ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *