Nainital: महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगामी जनपद दौरे को लेकर नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा और यातायात की चाक-चौबंद तैयारियां पूरी कर ली हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने सभी अधिकारियों व पुलिस बल की ब्रीफिंग लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा के हर पहलू पर विशेष ध्यान देने, वीवीआईपी थ्रेट अवधारणा के अनुसार ड्यूटी सुनिश्चित करने और जनता के साथ मित्रवत व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र रिद्धिम अग्रवाल, आईजी सुरक्षा करन सिंह नगन्याल और एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सभी अधिकारियों को सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक न होने देने के निर्देश दिए। साथ ही मार्ग व्यवस्था सुव्यवस्थित रखने और किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगाने को कहा। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने भी प्रशासनिक समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने पर बल दिया।
आईजी कुमाऊं रेंज ने सभी पुलिसकर्मियों को सजग, मुस्तैद और अनुशासित रहकर ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। वहीं, आईजी सुरक्षा ने आतंकी घटनाओं की पृष्ठभूमि को देखते हुए सतर्कता बढ़ाने की बात कही। सभी ड्रोन संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है और एंटी-ड्रोन टीमों को सक्रिय किया गया है। कार्यक्रम स्थलों पर ATS, BDS, SDRF, स्वान दल और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीमें भी एक्टिव मोड पर रहेंगी।
इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी, PAC कंपनियां और पुलिस बल के कुल 1271 कार्मिक सुरक्षा ड्यूटी में लगाए गए हैं। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।

Chief Editor, Aaj Khabar

