Headlines

Nainital: होली पर्व को लेकर SSP नैनीताल ने पुलिस अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

Nainital: होली पर्व को लेकर SSP नैनीताल ने पुलिस अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
शेयर करे-

Nainital: आगामी होली पर्व को ध्यान में रखते हुए नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रहलाद नारायण मीणा ने कोतवाली हल्द्वानी में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

होली पर कड़ी निगरानी, सार्वजनिक स्थलों पर विशेष चेकिंग

SSP ने सभी थाना प्रभारियों को सार्वजनिक स्थानों, होटलों, ढाबों, पार्कों, स्कूल-कॉलेजों के आसपास सघन चेकिंग अभियान चलाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही, नशा तस्करों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए थाना पुलिस के अलावा SOG और ANTF को भी अलर्ट रहने को कहा गया।

वांछित अपराधियों की धरपकड़ तेज करने के निर्देश

बैठक में वांछित, पुरस्कार घोषित अपराधियों, NBW और कुर्की वारंट वाले मामलों में तेजी लाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। सभी अधिकारियों से इन मामलों की अद्यतन रिपोर्ट भी मांगी गई है।

लंबित विवेचनाओं पर SSP ने जताई नाराजगी

पुराने मामलों के निस्तारण में देरी को लेकर SSP ने विवेचकों को फटकार लगाई और निर्देश दिए कि:

  • वर्ष 2023 की सभी लंबित विवेचनाओं का निस्तारण 10 दिनों के भीतर किया जाए।
  • वर्ष 2024 की महिला अपराध, दुर्घटना, बलवा और NDPS मामलों की विवेचनाएं छह माह के भीतर पूरी की जाएं।
  • NDPS मामलों में आरोपियों के नेटवर्क पर साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई हो।

यातायात व्यवस्था होगी सख्त, नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान जारी रहेगा

होली और वीकेंड पर बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए पुलिस को यातायात प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए। शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरस्पीड और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। SSP ने युवाओं को नशे से बचाने के लिए स्कूल-कॉलेजों में चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों को जारी रखने पर जोर दिया।

ऑपरेशन मुक्ति के तहत भिक्षावृत्ति रोकने के निर्देश

SSP ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र में भिक्षावृत्ति में लिप्त बच्चों की पहचान कर उनके माता-पिता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करें। इसके अलावा, गुमशुदा बच्चों की बरामदगी में तेजी लाने के लिए एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम को सक्रिय करने के निर्देश दिए गए।

112 पर रिस्पांस टाइम बेहतर करने और सोशल मीडिया पर कड़ी नजर

SSP ने निर्देश दिए कि डायल 112 पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा, होली और रमजान के मद्देनजर सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तेज करने को कहा गया। भ्रामक खबरें या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

बैठक में शामिल अधिकारी: इस बैठक में CO हल्द्वानी नितिन लोहनी, CO लालकुआं दीपशिखा अग्रवाल, CO नैनीताल प्रमोद शाह, CFO नैनीताल नरेंद्र सिंह कुंवर, पुलिस लाइन प्रतिसार निरीक्षक भगवत सिंह राणा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Nainital

For latest news updates click here

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *