Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Nainital: नैनीताल में महिला पर्यटक से दुष्कर्म का प्रयास, सुनसान सड़क पर ले जाकर मारपीट और मोबाइल लूटने वाला टैक्सी चालक गिरफ्तार

Nainital: नैनीताल में महिला पर्यटक से दुष्कर्म का प्रयास, सुनसान सड़क पर ले जाकर मारपीट और मोबाइल लूटने वाला टैक्सी चालक गिरफ्तार
शेयर करे-

Nainital: नैनीताल जिले में महिला पर्यटक की सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां टैक्सी चालक ने महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास कर मारपीट और लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मात्र 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार 5 मार्च 2026 को एक महिला पर्यटक दिल्ली से देहरादून होते हुए बस से हल्द्वानी पहुंची थी। हल्द्वानी से वह ऑटो के माध्यम से काठगोदाम पहुंची और वहां से नैनीताल जाने के लिए एक टैक्सी किराए पर ली। रात के समय टैक्सी से काठगोदाम से नैनीताल के लिए रवाना होने के बाद रास्ते में चालक की नीयत बदल गई।

रात्रि करीब 1:30 बजे वल्दियाखान के पास टैक्सी चालक ने वाहन को नैनीताल ले जाने के बजाय पटवाधांगर की सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया। महिला द्वारा विरोध करने पर चालक ने वाहन रोककर उसके साथ बदसलूकी की, मारपीट की और दुष्कर्म का प्रयास किया। इतना ही नहीं, महिला किसी को सूचना न दे सके इसके लिए उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।

अगले दिन 6 मार्च की सुबह स्थानीय लोगों की मदद से पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम की सहायता से साक्ष्य एकत्र किए गए। पीड़िता की तहरीर के आधार पर तल्लीताल थाने में मुकदमा अपराध संख्या 11/2026 धारा 64, 309(6) और 137 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र को तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज सिंह नयाल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, वाहन संख्या UK04TB 5500 वैगनार और वाहन में लगे जीपीएस सिस्टम की मदद से जांच करते हुए आरोपी चालक को पाइन्स-भवाली रोड से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक सिंह बोरा (39 वर्ष) पुत्र नन्दन सिंह बोरा निवासी गुजरीड़ा फतेहपुर थाना मुखानी, नैनीताल के रूप में हुई है। आरोपी की निशानदेही पर पीड़िता का लूटा हुआ मोबाइल फोन वीवो Y100 बरामद कर लिया गया है, जबकि घटना में प्रयुक्त वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तुरंत मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई और 10 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नैनीताल में महिलाओं और पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ऐसे अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *