Nainital: नैनीताल जिलाके पहाड़ी क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष लगातार गंभीर होता जा रहा है। ताजा घटना धारी ब्लॉक के खटियाखाल गांव से सामने आई है, जहां बाघ के हमले में 35 वर्षीय महिला गंगा देवी की दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंगा देवी अपने घर के समीप घास काट रही थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। बाघ महिला को पकड़कर लगभग दो किलोमीटर तक घसीटता हुआ जंगल की ओर ले गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
सूचना पर ग्रामीणों के साथ वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। काफी प्रयासों के बाद जंगल से महिला का शव बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और भय का माहौल बना हुआ है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से बाघ की सक्रियता बनी हुई है, इसके बावजूद ठोस कदम नहीं उठाए गए। ग्रामीणों ने मांग की है कि आदमखोर बाघ को जल्द से जल्द पकड़कर क्षेत्र को सुरक्षित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल वन विभाग ने प्रभावित इलाके में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों को अत्यधिक सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने मृतक महिला के परिजनों को हरसंभव सहायता और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।

Chief Editor, Aaj Khabar
