Nainital: शीतलहर से जन-जीवन को सुरक्षित रखने के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी नगर निकायों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि जिले के सभी क्षेत्रों में निराश्रित, असहाय और गृहविहीन व्यक्तियों को ठंड से बचाने के लिए निःशुल्क कंबल वितरित किए जाएँ। साथ ही धर्मशाला, रेनबसेरों, मुसाफिरखाना, पड़ाव, सराय, चौक-चौराहों, रेलवे स्टेशनों और बस स्टेशनों जैसे सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शीतकाल में स्थायी और अस्थायी रेनबसेरों की पूरी व्यवस्था पहले से तैयार रहे। इन रेनबसेरों में बिजली, पानी, बिस्तर, साफ-सफाई जैसी सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध हों। इसके अलावा इनकी उपलब्धता का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए ताकि हर जरूरतमंद तक इसकी जानकारी पहुँच सके।
उन्होंने सभी निकायों के लिए नोडल अधिकारियों को नामित करते हुए निर्देश दिए कि शीत ऋतु के दौरान सभी व्यवस्थाएँ समय पर और प्रभावी रूप से लागू हों।
नोडल अधिकारियों में नगर निगम हल्द्वानी हेतु सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट, नगर पालिका नैनीताल के लिए रोहिताश शर्मा, रामनगर के लिए आलोक उनियाल, कालाढूंगी के लिए अभिनव कुमार, भीमताल के लिए राहुल कुमार, भवाली के लिए सुधीर कुमार तथा नगर पंचायत लालकुआँ के लिए ईश्वर सिंह रावत को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे लगातार निगरानी कर सुनिश्चित करें कि कोई भी जरूरतमंद ठंड से प्रभावित न हो।

Chief Editor, Aaj Khabar
