New Delhi: लाल किला मेट्रो स्टेशन गेट नंबर 1 के पास सोमवार शाम हुए कार धमाके में आठ लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हैं। धमाके के बाद कार में भीषण आग लग गई, जिसने आसपास खड़ी तीन से चार गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटनास्थल पर तुरंत दमकल विभाग की सात गाड़ियां पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया गया।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। विस्फोट के बाद पूरे दिल्ली-एनसीआर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां आसपास के क्षेत्र में सघन जांच कर रही हैं।
एलएनजेपी अस्पताल में चार से पांच घायलों को भर्ती कराया गया है। पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन शुरुआती जांच में यह स्पष्ट है कि धमाका खड़ी कार में हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए और क्षेत्र में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। एक चश्मदीद के अनुसार, “तेज आवाज सुनकर लोग घबरा गए, कई वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।” स्थानीय निवासी राजधर पांडे ने कहा, “मैंने घर से आग की लपटें उठती देखीं और तुरंत नीचे जाकर स्थिति देखी। धमाका बहुत तेज था।”
लाल किला क्षेत्र दिल्ली के सबसे घनी आबादी और भीड़भाड़ वाले इलाकों में शामिल है, जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। घटना के कारणों की जांच जारी है और धमाके के पीछे की मंशा या तकनीक को लेकर विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार है।

Chief Editor, Aaj Khabar
