Headlines

New Delhi: नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया की नई कार्यकारिणी ने संभाला कार्यभार, पत्रकार हितों के लिए संघर्ष का लिया संकल्प

New Delhi: नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया की नई कार्यकारिणी ने संभाला कार्यभार, पत्रकार हितों के लिए संघर्ष का लिया संकल्प
शेयर करे-

New Delhi: नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया (NUJI) की नवनिर्वाचित राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में विधिवत अपना कार्यभार संभाला। इस दौरान पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान और पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए मजबूती से काम करने का संकल्प लिया गया।

नई कार्यकारिणी में राकेश थपलियाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष, राकेश कुमार शर्मा ने राष्ट्रीय महासचिव और रामचंद्र कन्नोजिया ने राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे संगठन के नवनिर्वाचित पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी ने पत्रकारों की मौजूदा स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता और पत्रकार दोनों ही गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। पत्रकारों की सुरक्षा के साथ-साथ उचित वेतन, भत्ते और अन्य अधिकारों से जुड़े मुद्दे भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी पूरी जिम्मेदारी और मजबूती के साथ पत्रकार हितों की आवाज उठाएगी।

नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश थपलियाल ने कहा कि एनयूजेआई देशभर के पत्रकारों के अधिकारों और समस्याओं को लेकर पुरजोर तरीके से आवाज उठाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की साख और विश्वसनीयता को बनाए रखना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए फर्जी पत्रकारों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जाएगा, ताकि पत्रकारिता के नाम पर हो रही गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

राष्ट्रीय महासचिव राकेश कुमार शर्मा ने कहा कि पत्रकारों से जुड़े मुद्दों और उनकी समस्याओं को सरकार के समक्ष पूरी मजबूती से रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि आगामी 28 नवंबर से जयपुर में तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन (महाधिवेशन) आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर से संगठन के पदाधिकारी और सदस्य शामिल होंगे।

कोषाध्यक्ष रामचंद्र कन्नोजिया ने संगठन को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी राज्यों के पदाधिकारियों और सदस्यों से संगठन की गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सहयोग की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों का माला पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। समारोह में एनयूजेआई की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के साथ ही विभिन्न राज्यों के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *