Headlines

New Delhi: दिल्ली में आतंकी साजिश का अलर्ट, लालकिला-चांदनी चौक हाई अलर्ट पर, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

New Delhi: दिल्ली में आतंकी साजिश का अलर्ट, लालकिला-चांदनी चौक हाई अलर्ट पर, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
शेयर करे-

New Delhi:  राजधानी दिल्ली में संभावित आतंकी खतरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। खुफिया इनपुट मिलने के बाद पुरानी दिल्ली क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। ऐतिहासिक धरोहर लाल किला के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, जबकि संवेदनशील स्थानों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

सूत्रों के अनुसार खुफिया एजेंसियों को इनपुट मिला है कि पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा दिल्ली समेत देश के अन्य शहरों में धमाके की साजिश रच सकता है। आशंका जताई गई है कि संगठन द्वारा इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) का उपयोग कर हमला करने की योजना बनाई जा सकती है। इनपुट में लालकिला क्षेत्र और चांदनी चौक के आसपास के इलाकों का भी उल्लेख बताया गया है।

इन सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा एजेंसियां तकनीकी और मानवीय दोनों स्तरों पर जांच कर रही हैं। हालांकि अभी तक किसी संदिग्ध की गिरफ्तारी या ठोस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

एहतियाती कदम उठाते हुए दिल्ली पुलिस ने लालकिला, जामा मस्जिद, चांदनी चौक और प्रमुख बाजारों में गश्त बढ़ा दी है। प्रवेश मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है तथा सीसीटीवी निगरानी को और सुदृढ़ किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह सामान्य सुरक्षा अलर्ट की प्रक्रिया का हिस्सा है और आम नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *