New Delhi: देश में आज (9 सितंबर) उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर सियासी माहौल गर्म है। इस चुनाव में एनडीए ने अपने उम्मीदवार के तौर पर सीपी राधाकृष्णन को मैदान में उतारा है, जबकि इंडिया गठबंधन की ओर से सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज बी. सुदर्शन रेड्डी उम्मीदवार हैं।
संविधान के अनुसार उपराष्ट्रपति का चुनाव संसद के दोनों सदनों—लोकसभा और राज्यसभा—के निर्वाचित और मनोनीत सदस्यों द्वारा किया जाता है। इस चुनाव में कुल 788 सांसदों के पास वोट डालने का अधिकार है, जिनमें 543 लोकसभा और 245 राज्यसभा सदस्य शामिल हैं। हालांकि, वर्तमान में रिक्तियों के कारण यह संख्या थोड़ी कम हो सकती है।
जीत के लिए उम्मीदवार को 50 प्रतिशत से अधिक यानी साधारण बहुमत की आवश्यकता होती है। ऐसे में हर वोट अहम हो जाता है और सत्ता पक्ष तथा विपक्ष दोनों ही सांसदों को साधने में जुटे हैं। सूत्रों के अनुसार एनडीए का गणित फिलहाल मजबूत दिख रहा है, लेकिन इंडिया गठबंधन भी विपक्षी एकजुटता के सहारे मुकाबला कड़ा करने की कोशिश में है।
मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज शाम या देर रात तक मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे और देश को नया उपराष्ट्रपति मिल जाएगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
