Pithoragarh: पिथौरागढ़ जिले के सातशिलिंग–थल मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। कार अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
पुलिस के अनुसार, जीआईसी रोड पिथौरागढ़ निवासी संजू (28), पंडा निवासी संजय कुमार (30) और बीसाबजेड़ निवासी हयात खड़ायत (32) शुक्रवार को कार से मुवानी घूमने गए थे। देर रात वापस लौटते समय सुवालेख के समीप रिण क्षेत्र में उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।
देर रात तक घर न लौटने और संपर्क न होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मोबाइल लोकेशन के आधार पर शनिवार तड़के पुलिस टीम ने खाई में उतरकर तलाश की, जहां संजय कुमार और हयात खड़ायत मृत पाए गए।
गंभीर रूप से घायल संजू को खाई से निकालकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल पिथौरागढ़ पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घटना की पुष्टि करते हुए गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
