Rajasthan: राजस्थान के अजमेर स्थित तीर्थराज पुष्कर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अखिल भारतीय उत्तराखण्ड धर्मशाला आश्रम के द्वितीय तल का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि तपोमय पुष्कर की इस धरा पर उपस्थित होना उनके लिए सौभाग्य और आध्यात्मिक आनंद का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक ग्रंथों में पुष्कर को पंचतीर्थों का गुरु बताया गया है और यह स्थान सनातन संस्कृति की अनश्वर ज्योति है, जो मानवता को धर्म, तप और त्याग के मार्ग पर प्रेरित करती है।
उन्होंने भावुक होते हुए बताया कि संभवतः इसी आध्यात्मिक महिमा से प्रेरित होकर उनके माता-पिता ने उनका नाम भी ‘पुष्कर’ रखा। उन्होंने प्रवासी उत्तराखण्डियों और आयोजन समिति को धन्यवाद देते हुए कहा कि वे स्वयं को राजस्थान में नहीं बल्कि देवभूमि के परिजनों के बीच महसूस कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह धर्मशाला श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण आश्रय स्थल बनने के साथ ही उत्तराखण्ड और राजस्थान के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों को और मजबूत करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सनातन संस्कृति विश्व पटल पर नई पहचान बना रही है। उत्तराखण्ड सरकार केदारखण्ड-मानसखण्ड मंदिर क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर, श्रीकृष्ण-यमुना तीर्थ सर्किट सहित कई आध्यात्मिक परियोजनाओं पर कार्य कर रही है। दून विश्वविद्यालय में ‘सेंटर फॉर हिन्दू स्टडीज’ की स्थापना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
देवभूमि की पवित्रता की रक्षा पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कड़े निर्णय लिए हैं। अवैध कब्जों से 10 हजार एकड़ भूमि मुक्त कराई गई, UCC लागू किया गया, और नया कानून लागू कर मदरसा बोर्ड समाप्त किया गया। उन्होंने कहा कि उद्देश्य देवभूमि में अलगाव नहीं बल्कि ज्ञान और संस्कार के मंदिर स्थापित करना है।
उन्होंने प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपील की कि वे जहां भी रहें, अपनी संस्कृति, पहचान और पूर्वजों की गौरवशाली परंपरा को गर्व के साथ आगे बढ़ाएं। मुख्यमंत्री ने संकल्प दोहराया कि उत्तराखण्ड को देश की आध्यात्मिक राजधानी बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि आश्रम निर्माण के लिए उत्तराखण्ड सरकार द्वारा एक करोड़ रुपये की सहायता दी गई थी, जिसके लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर राजस्थान धरोहर संरक्षण प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, राजस्थान सरकार के मंत्री सुरेश सिंह रावत, आश्रम के अध्यक्ष एस.एस. तड़ागी सहित बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तराखण्डी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
