Headlines

Ramnagar: रामनगर में बड़ा सड़क हादसा ढिकुली गांव के पास यात्रियों से भरी बस पलटी, 6 घायल दो की हालत गंभीर

Ramnagar: रामनगर में बड़ा सड़क हादसा ढिकुली गांव के पास यात्रियों से भरी बस पलटी, 6 घायल दो की हालत गंभीर
शेयर करे-

Ramnagar:  नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। ढिकुली गांव के पास कुमाऊं मोटर ओनर्स यूनियन लिमिटेड की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। बस में 12 से अधिक यात्री सवार थे। इस दुर्घटना में छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को रामनगर संयुक्त चिकित्सालय लाया गया, जहां से गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार UK 04 PA 0430 नंबर की बस सुबह सात बजे रामनगर से भिकियासैंण, मासी और चौखुटिया होते हुए जौरासी के लिए रवाना हुई थी। करीब साढ़े सात बजे जब बस ढिकुली स्थित महारानी रिजॉर्ट के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे टेंपो को ओवरटेक करती जिप्सी अचानक निकल आई। दोनों तेज रफ्तार वाहनों के बीच जगह न मिलने पर बस चालक प्रताप सिंह ने बस को किनारे काटा। बारिश के कारण सड़क किनारे की गीली मिट्टी वजन नहीं सह पाई और बस पलट गई।

हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। यात्रियों को शीशे तोड़कर बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया। अस्पताल की सीनियर डॉक्टर दीपा ने बताया कि चार लोग संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती हैं, जबकि दो गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।

बस चालक प्रताप सिंह ने हादसे का जिम्मेदार टेंपो और जिप्सी चालकों को ठहराया। उन्होंने कहा कि यदि बस को किनारे नहीं किया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं, मौके पर पहुंचे एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और ओवरस्पीड वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है।

रामनगर उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों का प्रवेश द्वार है और यहां से कुमाऊं व गढ़वाल मोटर ओनर्स यूनियन की बसें रोजाना संचालित होती हैं, जिन्हें पहाड़ की लाइफ लाइन कहा जाता है। इसी मार्ग पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *