Nainital: भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा भारी बारिश की चेतावनी के बाद नैनीताल जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिला मजिस्ट्रेट वंदना ने आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्षता करते हुए सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सड़कों के अवरुद्ध होने पर तुरंत खोलने और यातायात बहाल करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मार्ग में फंसे लोगों की सुरक्षा, भोजन और आवास की व्यवस्था को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मानसून अवधि के दौरान कोई भी अधिकारी व कर्मचारी अपना मोबाइल फोन बंद नहीं रखेंगे।
प्रशासन ने सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों, राजस्व उपनिरीक्षकों और ग्राम विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहने और किसी भी घटना पर तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचित करने को कहा। जिला आपदा परिचालन केंद्र के दूरभाष नंबर 05942-231178 और टोल फ्री नंबर 1077 पर जानकारी दी जा सकती है।
सोमवार को भारी बारिश के बीच जिले के सभी उपजिलाधिकारी फील्ड में उतरे और स्वयं निगरानी की। संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन और जलभराव की स्थिति पर नजर रखी गई। नगर निगम और नगर पालिका ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में लाउडस्पीकर से लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी भी दी।
जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें, यात्रा से पूर्व मार्गों की स्थिति की जानकारी लें और नदी-नालों व बहाव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें।

Chief Editor, Aaj Khabar
