Headlines

Ramnagar: तस्करों की खोज पर निकले वनकर्मी मनीष बिष्ट की पिरूमदारा में रॉन्ग साइड टक्कर से दर्दनाक मौत

Ramnagar: तस्करों की खोज पर निकले वनकर्मी मनीष बिष्ट की पिरूमदारा में रॉन्ग साइड टक्कर से दर्दनाक मौत
शेयर करे-

Ramnagar: नेशनल हाईवे 309 पर पिरूमदारा के पास तड़के रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में वनकर्मी मनीष बिष्ट (35 वर्ष) की मौत हो गई। सुबह करीब 3 बजे वन विभाग का बोलेरो वाहन (UK04GD165) और अर्टिगा कार (UK19TA1342) आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और बोलेरो चालक मनीष बिष्ट की मौके पर ही मौत हो गई।

मनीष बिष्ट, निवासी चिलकिया रामनगर, तराई पश्चिमी वन प्रभाग में ड्राइवर के पद पर तैनात थे। तड़के आमपोखरा रेंज में अवैध कटान और तस्करों की गतिविधि की सूचना मिलने पर वह हल्दुआ चौकी से वनकर्मियों को लेने के लिए बोलेरो लेकर निकले थे। इसी दौरान पिरूमदारा के पास सामने से तेज रफ्तार अर्टिगा कार रॉन्ग साइड में आकर उनकी बोलेरो से टकरा गई।

दुर्घटना में अर्टिगा कार में सवार सुशीला देवी (60), निवासी पौड़ी गढ़वाल, आनंद बल्लभ जोशी, निवासी इंद्रपुरम गाज़ियाबाद और धर्मेंद्र सिंह, निवासी थलीसैण पौड़ी घायल हो गए। उन्हें 108 एंबुलेंस से संयुक्त चिकित्सालय रामनगर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए सुशीला देवी और आनंद बल्लभ जोशी को हायर सेंटर रेफर कर दिया। धर्मेंद्र सिंह को हल्की चोटें आई थीं।

वनकर्मी मनीष बिष्ट की मौत से परिवार और विभाग में शोक की लहर है। उनके घर में कोहराम मचा हुआ है और वह अपने पीछे एक पुत्र और परिवार को छोड़ गए हैं। रेंज अधिकारी पूरन सिंह खनायत ने कहा कि मनीष विभाग के बेहद समर्पित और कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारी थे। संयुक्त चिकित्सालय के CMS डॉ. विनोद कुमार टम्टा ने बताया कि कुल चार लोगों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें से एक को मृत घोषित कर दिया गया और बाकी घायलों को आगे उपचार के लिए भेजा गया।

पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा फिर साबित करता है कि तेज रफ्तार और रॉन्ग साइड ड्राइविंग कितनी खतरनाक साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *