Ramnagar: रामनगर में पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करने वाले गैंग का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के सख्त निर्देशों के बाद चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली है।
दिनांक 09 अप्रैल 2026 को एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के पर्यवेक्षण में कोतवाली रामनगर पुलिस टीम ने प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में खराड़ी क्षेत्र में एक मकान पर छापेमारी की। छापे के दौरान मौके पर घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण और रिफिलिंग का काम संचालित होता पाया गया।
पुलिस ने मौके से कुल 34 छोटे-बड़े गैस सिलेंडर, LPG रिफिलिंग उपकरण, तराजू व बाट तथा लगभग आधा ड्रम डीजल बरामद किया। कार्रवाई के दौरान दो सगे भाइयों को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन उर्फ भल्ला (26 वर्ष) और शहजाद उर्फ शैजी (23 वर्ष), निवासी खताड़ी, रामनगर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज कर FIR संख्या 101/26 कायम की गई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनसुरक्षा से खिलवाड़ करने और LPG की कालाबाजारी में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि ऐसे किसी भी अवैध कार्य की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Chief Editor, Aaj Khabar
