Headlines

Ramnagar: रामनगर में दो बड़ी चोरी का खुलासा, 42 लाख के जेवरात व नकदी बरामद

Ramnagar: रामनगर में दो बड़ी चोरी का खुलासा, 42 लाख के जेवरात व नकदी बरामद
शेयर करे-

Ramnagar: रामनगर में हुई दो अलग-अलग बड़ी चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। एक ओर जहां रिहायशी मकान से की गई चोरी की गुत्थी सुलझाई गई, वहीं दूसरी ओर टियारा रिसोर्ट में विवाह समारोह के दौरान हुई लाखों की चोरी का भी पर्दाफाश हुआ है। इन दोनों मामलों में कुल मिलाकर 30 लाख रुपये से अधिक के सोने के जेवरात और 12 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पहला मामला रामनगर के लखनपुर क्षेत्र का है। यहां निवासी सुमन पत्नी नरेंद्र ने थाना रामनगर में तहरीर देकर बताया कि वह 8 दिसंबर को दिल्ली गई थीं। 11 दिसंबर को लौटने पर घर के अंदर से दो सोने के कड़े, दो चूड़ियां और दो सोने के बिस्कुट चोरी पाए गए। इस संबंध में थाना रामनगर में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सुरागरसी के आधार पर चोरपानी की ओर रेलवे भूमि के पास से नवदीप शर्मा निवासी पीरूमदारा, रामनगर को गिरफ्तार किया। उसके साथ एक विधि विवादित किशोर को भी संरक्षण में लिया गया। बरामद आभूषणों की शिनाख्त वादिनी द्वारा की गई, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है।

दूसरा मामला टियारा रिसोर्ट रामनगर का है, जहां 3 नवंबर को एक विवाह समारोह के दौरान एक बैग से सोने के जेवरात, नकदी और मोबाइल चोरी हो गया था। इस मामले में पुलिस जांच के दौरान यह सामने आया कि चोरी मध्य प्रदेश के कुख्यात सांसी गैंग द्वारा की गई थी। पुलिस टीम ने मध्य प्रदेश में दबिश दी, जहां आरोपी फरार हो गए, लेकिन उनके कब्जे से 12 लाख रुपये नकद और सोने के आभूषण बरामद कर लिए गए।

पुलिस के अनुसार, सांसी गैंग बड़े होटल और रिसोर्ट में शादी समारोह के दौरान मेहमान बनकर घुसता है और मौका मिलते ही नकदी व कीमती जेवरात चोरी कर फरार हो जाता है। दोनों मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *