Rudraprayag: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को केदारनाथ धाम पहुंचकर भगवान बाबा केदारनाथ के दर्शन किए और धाम परिसर में चल रहे पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न फेज़ों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निष्पादन की विस्तृत समीक्षा की।
मुख्य सचिव ने जिलाधिकारी प्रतीक जैन से सभी कार्यों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, सौंदर्य और धार्मिक आस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि 23 अक्टूबर को बाबा केदारनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो रहे हैं, ऐसे में कपाट बंद होने के बाद भी सुरक्षा, सामग्री संरक्षण और बर्फबारी की स्थिति में रखरखाव की पूरी तैयारी रखी जाए।
उन्होंने कहा कि अब से ही 2026 के अगले यात्रा सत्र की तैयारी प्रारंभ कर दी जानी चाहिए। सभी विभाग अपनी पूर्व योजनाएं तैयार करें ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। मुख्य सचिव ने बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, संचार, परिवहन, सुरक्षा और आपदा प्रबंधन विभागों के बीच समन्वय को और सशक्त करने पर बल दिया।
मुख्य सचिव ने पुनर्निर्माण कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि केदारनाथ धाम आज देश में पुनरुत्थान का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल भौतिक निर्माण नहीं बल्कि आस्था और सुविधा का संतुलित संगम सुनिश्चित करना है, ताकि श्रद्धालुओं को एक पवित्र, सुरक्षित और दिव्य अनुभव मिल सके।

Chief Editor, Aaj Khabar
