Headlines

Rudrapur: ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 82 लाख की साइबर ठगी, एसटीएफ ने नागपुर से आरोपी को किया गिरफ्तार

Rudrapur
शेयर करे-

Rudrapur: उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर थाना कुमाऊं परिक्षेत्र टीम ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 82 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नवनीत सिंह ने बताया कि एक पीड़ित को व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से ऑनलाइन ट्रेडिंग में अधिक लाभ कमाने का लालच देकर ठगा गया। पीड़ित से विभिन्न बैंक खातों में लगभग 81.45 लाख रुपये जमा कराए गए। जांच में सामने आया कि साइबर अपराधियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और फर्जी ट्रेडिंग एप्स का प्रयोग कर पीड़ितों को धोखे में लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर, पुलिस उपाधीक्षक अंकुश मिश्रा, और निरीक्षक अरुण कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन कर जांच प्रारंभ की गई। साइबर क्राइम पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, व्हाट्सएप ग्रुपों और मेटा कंपनी से डाटा मंगवाकर विश्लेषण किया।

जांच में पता चला कि आरोपी वैभव मनोज गाडगे, निवासी शांति नगर, नागपुर, महाराष्ट्र, ने पीड़ितों से फर्जी ट्रेडिंग कंपनी का प्रतिनिधि बनकर संपर्क किया और उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर निवेश करने को प्रेरित किया। ग्रुप में पहले से जुड़े फर्जी निवेशकों द्वारा मुनाफे के स्क्रीनशॉट शेयर किए जाते थे, जिससे नए लोग झांसे में आ जाते थे।

साइबर टीम ने वैभव को नागपुर से गिरफ्तार कर रुद्रपुर लाकर पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपित द्वारा प्रयुक्त बैंक खातों में मात्र चार से पांच महीने में करोड़ों रुपये का लेनदेन हुआ है। साथ ही आरोपी के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में कुल आठ साइबर अपराधों की शिकायतें दर्ज पाई गई हैं।

गिरफ्तारी के बाद वैभव गाडगे के खिलाफ साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊं परिक्षेत्र में विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य राज्यों की एजेंसियों से भी संपर्क कर रही है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीपक सती, अपर उपनिरीक्षक सतेंद्र गंगोला, हेड कांस्टेबल सोनू पांडे और हेड कांस्टेबल दीपक जोशी शामिल थे।

Rudrapur

For latest news updates click here 

For English news updates click here 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *