Rudrapur: उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया, जब रुद्रपुर के राष्ट्रीय राजमार्ग 105 पर चल रही एक थार गाड़ी अचानक आग की चपेट में आ गई। गाड़ी में सवार चार युवक हल्दूचौड़ कॉलेज से अपने दोस्त का जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक बोनट से धुआँ उठने लगा और कुछ ही सेकंड में पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई। खतरा भांपते हुए चारों युवक तुरंत बाहर कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुँची और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक थार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
गाड़ी के चालक जसन सिंह, जो लखीमपुर खीरी के रहने वाले हैं, ने बताया कि हादसे के समय वाहन की रफ्तार 40–50 किमी प्रति घंटा थी। उन्होंने गाड़ी में रखा सामान बाहर निकालने के बाद तुरंत अग्निशमन टीम को जानकारी दी। जसन सिंह ने यह थार वर्ष 2021 में खरीदी थी। फिलहाल अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है।

Chief Editor, Aaj Khabar
