॰ दिनदहाड़े 25 राउंड फायरिंग
॰ हमलावरों की तलाश में विशेष टीम गठित
॰ घायल युवक हायर सेंटर रेफर
Rudrapur: उधम सिंह नगर के गदरपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने एक कार का पीछा करते हुए कथित तौर पर 15 से 25 राउंड फायरिंग की, जिसमें गुरुचरण उर्फ गगन उप्पल के पैर में गोली लग गई। जान बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में जा गिरी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार हमलावर हथियारों और तलवारों से लैस थे। आरोप है कि उन्होंने कार का पीछा करते हुए लगातार फायरिंग की और दहशत फैलाने के लिए हवा में भी गोलियां चलाईं। अचानक हुई गोलीबारी से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
घायल गुरुचरण उर्फ गगन उप्पल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रुद्रपुर रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर हल्द्वानी भेज दिया।
प्रत्यक्षदर्शी सौरभ बाबा ने बताया कि वह तीन अन्य लोगों के साथ कार में सवार थे। उनके अनुसार, करीब एक वर्ष पहले एक मेले में हुए विवाद के बाद कुछ लोग लगातार उनका पीछा कर रहे थे। उन्होंने इस संबंध में पहले भी गदरपुर पुलिस को कई बार तहरीर देकर सुरक्षा की मांग की थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और 112 आपातकालीन सेवा मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली और आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है।
सीओ बाजपुर अखिलेश सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। पुलिस पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
