॰ रेत में दबा हेल्पर डंपर संग पहुंचा निर्माण स्थल
Haldwani: बरेली रोड स्थित गोरापड़ाव के एक क्रशर में रविवार दोपहर घोर लापरवाही के चलते 30 वर्षीय हेल्पर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मोटाहल्दू, लालकुआं निवासी पवन सिंह पुत्र मदन सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार पवन सिंह क्रशर परिसर में डंपर में रेत का रिसाव रोकने के लिए कट्टा लगा रहा था। इसी दौरान जेसीबी चालक ने बिना यह देखे कि नीचे कोई कर्मचारी मौजूद है, डंपर में ऊपर से रेत डाल दी, जिससे पवन रेत के नीचे दब गया। चालक को इसकी भनक तक नहीं लगी और वह रेत से भरा डंपर हल्द्वानी के चौफुला-कटघरिया मार्ग स्थित निर्माण स्थल पर खाली कर आया।
शाम करीब चार बजे जब निर्माण कार्य में लगे मजदूरों ने रेत उठानी शुरू की तो उसमें दबा शव देखकर मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मुखानी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान मृतक की ताई ने अपने भतीजे पवन सिंह के रूप में की। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जेसीबी चालक, ठेकेदार और क्रशर मालिक से गहन पूछताछ की जा रही है। घटना के सभी पहलुओं की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
