Rudrapur: रुद्रपुर शहर में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे इलाके में आक्रोश फैल गया। हादसे के बाद गाबा चौक पर स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर हंगामा किया, हालात संभालने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
घटना रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के काशीपुर–सितारगंज हाईवे पर गल्ला मंडी चौराहे के पास की है। देर रात रमपुरा निवासी बबलू बाइक से घर लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बबलू को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद मृतक के दोस्त ने ट्रक का पीछा कर उसे गाबा चौक पर रोक लिया। युवक की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित हो उठे। गुस्साए लोगों ने ट्रक में तोड़फोड़ की और चालक को बचाने के आरोप लगाते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात काबू में किए और जाम खुलवाया। सूचना मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा, दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गाबा चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार की मांग की।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
