Rudrapur: सिडकुल क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां छठी कक्षा के छात्र का शव संदिग्ध हालात में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। 14 वर्षीय अंकित कुमार, जो ट्रांजिट कैंप स्थित गुरुकुल स्कूल का छात्र था, सोमवार सुबह स्कूल के लिए घर से निकला था लेकिन स्कूल नहीं पहुंचा। दोपहर में उसका शव रिद्धि सिद्धि फैक्ट्री के पास झाड़ियों में मिला।
मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे परिजन उसकी हत्या की आशंका जता रहे हैं। मौके पर पहुंचे मृतक के पिता देवदत्त गंगवार ने शव की शिनाख्त की। अंकित स्कूल की ड्रेस में था और उसके मुंह, गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के गहरे निशान मिले।
घटना की सूचना पर पंतनगर थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और क्षेत्र में गमगीन माहौल है। पुलिस हत्या की आशंका के मद्देनज़र सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
