Rudraprayag: जिले के नरकोटा क्षेत्र में बदरीनाथ हाईवे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब रेलवे टनल के पास खड़ी एक लाल रंग की बलेनो कार (DL 8CAU 5651) से बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार के भीतर एक अज्ञात शव बरामद किया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस बल के साथ वे खुद घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल स्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया शुरू की गई। जांच को गंभीरता से लेते हुए श्रीनगर (पौड़ी) से फील्ड यूनिट की फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो मौके पर जांच में जुटी है।
बताया जा रहा है कि यह कार पिछले चार दिनों से उसी स्थान पर खड़ी थी, जिससे स्थानीय निवासियों को संदेह हुआ और उन्होंने इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। पुलिस ने वाहन के दिल्ली पंजीकरण नंबर के आधार पर मालिक की जानकारी एकत्रित करना शुरू कर दिया है, वहीं शव की पहचान और मौत के कारणों की पुष्टि के लिए पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले चमोली जिले के ज्योतिर्मठ के पास तपोवन क्षेत्र में भी एक कार में महिला का जला हुआ कंकाल मिला था। उस मामले में पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर इसे आर्थिक तंगी के चलते आत्महत्या से जोड़कर देखा था। पीड़ित भाई-बहन, श्वेता सेनापति और सुनील सेनापति, ओडिशा के रायगढ़ के निवासी थे और बिजनेस में घाटे तथा कर्ज के बोझ से परेशान थे।
रुद्रप्रयाग में मिली इस कार और शव को लेकर अभी कई सवाल अनुत्तरित हैं। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह से बचने की अपील की है, जबकि मामले की तह तक जाने के लिए जांच तेजी से जारी है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

