Uttarakhand: गैरसैंण स्थित उत्तराखंड विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत होते ही सदन का माहौल गर्मा गया। विपक्षी विधायकों ने आपदा प्रबंधन और कानून व्यवस्था के मुद्दों को लेकर सरकार पर तीखे हमले किए और वेल में आकर जोरदार हंगामा किया।
कांग्रेस विधायकों ने पंचायत चुनाव में धांधली के आरोप लगाते हुए सदन के भीतर नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान विपक्षी विधायकों ने सचिव की मेज पलटने की कोशिश भी की, जिसके चलते सदन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थिति बिगड़ती देख विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी ने कार्यवाही को आधे घंटे के लिए स्थगित कर दिया। वहीं, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने सदन के भीतर धरना देकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
नारेबाजी और हंगामे के बीच स्पीकर ऋतु खंडूडी और विपक्षी विधायकों के बीच तीखी बहस भी हुई। स्पीकर ने विपक्ष से आग्रह किया कि वे अपने मुद्दे प्रश्नकाल में उठाएं, लेकिन विपक्ष ने उनकी बात मानने से इनकार कर दिया और हंगामा जारी रखा।
विपक्षी नेताओं ने ‘सरकार की तानाशाही नहीं चलेगी’ के नारों के साथ सदन में सरकार को घेरने की कोशिश की, जिससे सत्र की शुरुआत से ही कार्यवाही बाधित हो गई।

Chief Editor, Aaj Khabar
