Bazpur: उधम सिंह नगर के बाजपुर क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जहां एक ही समुदाय के दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मामला खूनी झड़प में बदल गया। लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हुए हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जबकि आरोपी मौके से फरार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति अपने रिश्तेदार से मिलने कार से उसके घर पहुंचा था, लेकिन उसका यह दौरा विवाद की वजह बन गया। आरोप है कि कुछ लोग अचानक मौके पर पहुंचे और उस व्यक्ति को घेर लिया। इसके बाद हमलावरों ने उसकी कार पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना के दौरान दूसरे पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिससे तनाव और बढ़ गया। पहले कहासुनी हुई और फिर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े। इस दौरान जमकर मारपीट हुई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हमले के बीच पीड़ित व्यक्ति किसी तरह जान बचाकर घर के अंदर घुस गया, लेकिन जब उसके परिवार के लोग बीच-बचाव के लिए बाहर आए तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। एक सदस्य को लोहे की रॉड से गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य को भी लाठी-डंडों से पीटा गया।
हद तो तब हो गई जब हमलावरों ने घर की महिलाओं को भी नहीं बख्शा। आरोप है कि एक बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट की गई, वहीं दो नाबालिग लड़कियों के साथ अभद्रता कर उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए। बीच-बचाव करने आई एक अन्य महिला को भी बेरहमी से पीटा गया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सरकारी अस्पताल बाजपुर ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मामले में पीड़ित पक्ष ने कोतवाली बाजपुर में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्राधिकारी बाजपुर विभव सैनी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
