Champawat: चंपावत जिले की पाटी नगर पंचायत के इतिहास में हुए पहले अध्यक्ष पद के चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल ने शानदार जीत दर्ज कर भाजपा को बड़ा झटका दिया है। नारायण लाल ने भाजपा उम्मीदवार नवीन राम को 224 मतों के अंतर से हराकर पाटी नगर पंचायत के पहले अध्यक्ष बनने का गौरव हासिल किया।
मतगणना के अनुसार नारायण लाल को 738 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी नवीन राम को 514 मत प्राप्त हुए। वहीं निर्दलीय उम्मीदवार पार्वती देवी को 301 मत मिले। इस परिणाम ने स्थानीय राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है, क्योंकि भाजपा ने इस सीट को जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी।
चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने पाटी में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया था, लेकिन इसके बावजूद पार्टी अपने प्रत्याशी को जीत दिलाने में सफल नहीं हो सकी। दूसरी ओर, निर्दलीय उम्मीदवार नारायण लाल को शुरुआत से ही मजबूत दावेदार माना जा रहा था और चुनाव परिणाम ने इन कयासों को सही साबित कर दिया।
जीत की घोषणा होते ही नारायण लाल के समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने रंग-गुलाल उड़ाकर और मिठाइयां बांटकर जीत का जश्न मनाया। विजयी उम्मीदवार नारायण लाल ने अपनी जीत को क्षेत्र की जनता की जीत बताते हुए सभी मतदाताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे नगर पंचायत के समग्र विकास और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
जहां नारायण लाल के समर्थकों में खुशी का माहौल है, वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में हार को लेकर मायूसी देखी जा रही है। पाटी नगर पंचायत के पहले चुनाव के नतीजे ने स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को नया मोड़ दे दिया है।


Chief Editor, Aaj Khabar
