Almora: अल्मोड़ा जनपद स्थित डोल आश्रम में आयोजित श्री कल्याणिका हिमालय देवस्थानम न्यास के श्री पीठ स्थापना महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता कर कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 1100 कन्याओं का पूजन करते हुए माँ राजेश्वरी का अभिषेक एवं विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर में स्थापित विश्व के सबसे बड़े श्रीयंत्र एवं यहां संचालित आध्यात्मिक गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि इस भव्य श्रीयंत्र के दर्शन से एक विशेष आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त होती है, जो इस स्थान की दिव्यता को दर्शाती है। उन्होंने बाबा बाबा कल्याणदास की साधना और तपस्या की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से यह स्थान आज वैश्विक स्तर पर एक विशिष्ट आध्यात्मिक पहचान बना चुका है और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार का प्रमुख केंद्र बन गया है।
उन्होंने आगे कहा कि डोल आश्रम आज धार्मिक आस्था, आध्यात्मिक साधना और सांस्कृतिक चेतना का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त कर रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक मोहन सिंह मेहरा, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
