Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haridwar: हरिद्वार में कैबिनेट बैठक से पहले सीएम धामी और मंत्रियों ने की गंगा पूजा, कुंभ 2027 और राज्य के विकास से जुड़े अहम प्रस्तावों पर आज होगी चर्चा

Haridwar: हरिद्वार में कैबिनेट बैठक से पहले सीएम धामी और मंत्रियों ने की गंगा पूजा, कुंभ 2027 और राज्य के विकास से जुड़े अहम प्रस्तावों पर आज होगी चर्चा
शेयर करे-

Haridwar: धर्मनगरी हरिद्वार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज कैबिनेट की अहम बैठक आयोजित होने जा रही है। हरिद्वार में धामी मंत्रिमंडल की यह पहली बैठक है, जिसे आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों और प्रदेश सरकार के महत्वपूर्ण निर्णयों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

कैबिनेट बैठक में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मंत्रिमंडल के सभी सदस्य हरिद्वार पहुंच चुके हैं। बैठक से पहले मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों ने हरकी पैड़ी स्थित ब्रह्मकुंड पर मां गंगा की पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। गंगा पूजन के बाद मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्य मेला नियंत्रण भवन पहुंचेंगे, जहां कैबिनेट की बैठक आयोजित की जाएगी।

हरिद्वार में यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेले की तैयारियां तेज की जा रही हैं। कुंभ में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर काम किया जा रहा है। ऐसे में कैबिनेट बैठक में कुंभ की तैयारियों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा और फैसले होने की उम्मीद है।

इसके अलावा प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों और विभिन्न विभागों के प्रस्तावों पर भी मंत्रिमंडल विचार कर सकता है। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सरकार के नीतिगत फैसलों को लेकर भी इस बैठक पर राजनीतिक और प्रशासनिक नजरें टिकी हुई हैं।

हालांकि, बैठक में किन प्रस्तावों को मंजूरी मिलेगी और प्रदेश के हित में कौन से महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे, इसकी तस्वीर कैबिनेट बैठक के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल, गंगा पूजन के बाद सभी की निगाहें मेला नियंत्रण भवन में होने वाली इस अहम बैठक पर टिकी हैं।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *