Bhararisain: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को भराड़ीसैंण, गैरसैंण स्थित विधानसभा परिसर में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पद्मश्री स्वामी भारत भूषण और 8 देशों से आए प्रतिनिधिमंडलों के साथ योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का आरंभ शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार से हुआ।
योग दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री ने राज्य की पहली “योग नीति 2025” पर आधारित पुस्तिका का विमोचन कर इसका औपचारिक शुभारंभ किया। उन्होंने ‘एक वृक्ष, योग के नाम’ अभियान के अंतर्गत विधानसभा परिसर में सेब का पौधा भी रोपा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ऐलान किया कि गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों में एक-एक स्पिरिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन की स्थापना की जाएगी, जिससे राज्य में आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा, योग और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पहाड़ी क्षेत्रों में दो नए नगर बसाने जा रही है, जो योग, आयुर्वेद और अध्यात्म के वैश्विक केंद्र बनेंगे। इन केंद्रों में अंतरराष्ट्रीय वेलनेस ग्रुप्स, आध्यात्मिक गुरु और संस्थानों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विदेशी प्रतिनिधियों की उपस्थिति से कार्यक्रम को वैश्विक पहचान मिली है और यह आयोजन उत्तराखंड को योग एवं अध्यात्म की वैश्विक राजधानी बनाने की दिशा में अहम कदम है।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि योग नीति के तहत राज्य में योग और ध्यान केंद्रों को विकसित करने के लिए अधिकतम 20 लाख रुपये की सब्सिडी और शोध को प्रोत्साहित करने हेतु 10 लाख रुपये तक का अनुदान प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 2030 तक प्रदेश में पांच नए योग हब स्थापित किए जाएंगे और मार्च 2026 तक राज्य के सभी आयुष हेल्थ व वेलनेस सेंटर में योग सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य सरकार रोजगार सृजन और पलायन की समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अधिक अवसर देने के लिए राज्य में स्ट्रैटेजिक एडवाइजरी कमेटी का गठन किया गया है, जो नवाचार के जरिए आर्थिक और सामाजिक विकास को बढ़ावा देगी।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने स्थानीय छात्रों और लोगों से मुलाकात कर संवाद किया, जिससे लोगों में खासकर विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, भारत में मैक्सिको, फिजी, नेपाल, सूरीनाम, मंगोलिया, लातविया, श्रीलंका और रूस के राजनयिक प्रतिनिधि मौजूद रहे। विधायक अनिल नौटियाल, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. विनय रुहेला, सचिव दीपेन्द्र कुमार चौधरी, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी, चमोली जिलाधिकारी संदीप तिवारी और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार सहित कई अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भराड़ीसैंण, गैरसैंण में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होकर बड़ी संख्या में उपस्थित देवतुल्य जनता के साथ योगाभ्यास किया। इस अवसर पर 'हर घर योग, हर जन निरोग' अभियान का शुभारंभ एवं राज्य की 'योग नीति पुस्तिका' का भी विमोचन किया। pic.twitter.com/zW9IuP54bf
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) June 21, 2025
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar


