Headlines

Uttarakhand: उत्तराखंड में अगले चार दिन भारी बारिश का अलर्ट, 14 से 17 अगस्त तक नैनीताल समेत कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट

Uttarakhand: उत्तराखंड में अगले चार दिन भारी बारिश का अलर्ट, 14 से 17 अगस्त तक नैनीताल समेत कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट
शेयर करे-

Uttarakhand: उत्तराखंड में आने वाले दिनों में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से 13 अगस्त को जारी पूर्वानुमान एवं चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को आवश्यक सावधानियां बरतने और तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और वर्षा के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना को देखते हुए प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के साथ ही किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने को कहा है। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ लगातार स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

॰ 14 अगस्त को चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 14 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, गरज के साथ आकाशीय बिजली और वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है।

चंपावत, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। राज्य के शेष जिलों में गरज-चमक के साथ तीव्र से अति तीव्र बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

15 अगस्त को राज्य के सभी जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की आशंका है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।

16 अगस्त को चंपावत, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है।

17 अगस्त को देहरादून और टिहरी में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। दोनों जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है। प्रदेश के अन्य जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तीव्र से अति तीव्र बारिश को लेकर येलो अलर्ट रहेगा।

॰ आपदा प्रबंधन विभाग ने आमजन से की सतर्क रहने की अपील

सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने आमजन से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने लोगों से मौसम की स्थिति की जानकारी लेते रहने तथा भूस्खलन और चट्टान गिरने की आशंका वाले संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों, नदी-नालों और जलधाराओं के आसपास जाने से बचने को कहा है।

भारी बारिश अथवा अचानक बाढ़ की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहने और सक्रिय भूस्खलन क्षेत्र को पार करने का प्रयास नहीं करने की सलाह दी गई है। आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा सुरक्षित पक्के भवन में शरण लेने को कहा गया है।

भारी बारिश के दौरान उफनती नदियों, धाराओं और नालों में तैरने या नौका विहार करने से भी बचने की अपील की गई है। प्रशासन ने चेताया है कि प्रतिकूल मौसम में भूस्खलन, सड़क अवरोध, जलभराव और नदियों-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में नागरिकों से सतर्कता और सावधानी बरतने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *